बिहार में 1 करोड़ युवाओं को मिलेगी नौकरी, टेक सिटी और डिफेंस कॉरिडोर बनाने का ऐलान

शपथ के बाद एक्शन मोड में नीतीश सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10वीं बार पद संभालने के बाद नई सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए बड़ा ऐलान किया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य है। नीतीश कुमार ने कैबिनेट बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विस्तृत पोस्ट कर बिहार के विकास का रोडमैप साझा किया।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सात निश्चय–2 के तहत 2020 से 2025 के बीच 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार दिया गया है। अब 2025–2030 के लिए बिहार सरकार ने 1 करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार सृजन के सभी विकल्पों पर तेज़ी से काम शुरू कर चुकी है।

Nitish Kumar

“न्यू ऐज इकोनॉमी” बनाने की तैयारी

नीतीश कुमार ने कहा कि बदलते बिहार को नई रफ्तार देने के लिए प्रौद्योगिकी और सेवा आधारित नवाचारों पर आधारित “New Age Economy” का निर्माण किया जाएगा।

इसके लिए बिहार के अग्रणी उद्यमियों के सुझावों पर आधारित नई योजनाएँ और नीतियाँ तैयार होंगी।

उन्होंने कहा कि बिहार को ‘वैश्विक बैक-एंड हब’ और ‘ग्लोबल वर्क प्लेस’ के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए प्रतिष्ठित अर्थशास्त्रियों और विशेषज्ञों के साथ एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बिहार बनेगा पूर्वी भारत का टेक्नोलॉजी हब

नीतीश कुमार ने बताया कि बिहार की युवा आबादी उसकी सबसे बड़ी ताकत है। इस मानव संसाधन को दिशा देने की योजना के तहत राज्य को पूर्वी भारत का प्रमुख टेक्नोलॉजी हब बनाने की तैयारी है। इसके तहत कई अत्याधुनिक प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं:

  • डिफेंस कॉरिडोर

  • सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग पार्क

  • ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स

  • मेगा टेक सिटी

  • फिनटेक सिटी

साथ ही, उद्योगों के विस्तार के लिए व्यापक औद्योगिक कार्ययोजना लागू की जाएगी।

चीनी मिलों को फिर से चालू करने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी पुरानी मिलों को पुनर्जीवित करने के लिए नई नीति तैयार की गई है।

सभी बड़े शहरों को आधुनिक और सुंदर बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन की स्थापना की भी घोषणा की।

इस मिशन के तहत शहरी विकास और प्रशासन में नई तकनीकों का उपयोग बढ़ाया जाएगा।

“हम काम शुरू करते हैं, और पूरा कर के दिखाते हैं” — नीतीश

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बिहार में औद्योगिक विकास की गति तेज हुई है और नई सरकार अब इसे और रफ्तार देने पर काम करेगी। उन्होंने लिखा,

“राज्य में औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के काम को हमलोग तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं… और जो काम हम शुरू करते हैं, उसे पूरा करते हैं।”

नीतीश कुमार के इस नए रोडमैप से साफ है कि आने वाले महीनों में बिहार में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश, नई रोजगार नीति, और टेक्नोलॉजी आधारित परियोजनाओं की शुरुआत देखने को मिलेगी।

Also Read: कर्नाटक में 10 सरकारी अधिकारियों पर लोकायुक्त की रेड, करोड़ों की संपत्ति, कैश और गहने बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.