आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने से 10 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहाँ काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में देवोत्थानी एकादशी के पावन अवसर पर अचानक भगदड़ मच गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ जाने के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।

शुरुआती सूचना के मुताबिक, इस भगदड़ में कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। चूंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर एम्बुलेंस और पुलिस की टीमें पहुँच गईं। घायलों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर पहली मंजिल पर स्थित है। भगदड़ तब मची जब सीढ़ियों के आसपास रेलिंग टूटने से एक व्यक्ति गिर पड़ा, जिससे नीचे जाने वाले श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए अधिकारियों को घायलों का शीघ्र और उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Also Read: संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को लगाई लताड़, PoK में मानवाधिकार हनन पर घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.