छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी नक्सली समेत 10 ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान में सुरक्षाबलों को शानदार कामयाबी मिली है। गुरुवार को सीआरपीएफ की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज सहित 10 कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया है।
सुरक्षाबलों के लिए यह एक बहुत बड़ी सफलता मानी जा रही है, क्योंकि मनोज नक्सली संगठन का एक अहम सदस्य था और लंबे समय से सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बना हुआ था।
गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई
इस बड़ी सफलता पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर सुरक्षाबलों की तारीफ की। उन्होंने लिखा, नक्सलियों के खिलाफ हमारे सुरक्षा बलों ने आज एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समय रहते बचे-खुचे नक्सली भी आत्मसमर्पण कर दें। आगामी 31 मार्च से पहले लाल आतंक का समूल नाश निश्चित है।
यह ऑपरेशन दिखाता है कि सुरक्षाबल नक्सलियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। पिछले कुछ सालों में छत्तीसगढ़ में ऐसे कई बड़े ऑपरेशन चलाए गए हैं, जिसमें सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को काफी नुकसान पहुंचाया है। रायपुर के आईजी ने भी इस मुठभेड़ की पुष्टि की है।

