Bulandshahr News: पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार के इनामी बदमाश साजिद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश पुलिस और स्वाट टीम को बुलंदशहर ज़िले में एक बड़ी कामयाबी मिली है। गुलावठी पुलिस ने 10,000 रुपये के इनामी बदमाश साजिद को मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार कर लिया है। यह बदमाश गुलावठी की तेवतियापुरम कॉलोनी में हुई डकैती का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से पुलिस की आँखों में धूल झोंक रहा था।
सीओ भास्कर मिश्रा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गुलावठी-हापुड़ बॉर्डर पर मंगलवार रात को पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत पीछा कर उसे चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा पाकर बदमाश ने पुलिस टीम पर फ़ायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में साजिद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौक़े पर ही पकड़ लिया गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र निवासी साजिद पुत्र मेहराजुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक ज़िंदा और एक खोखा कारतूस, और दिल्ली से चोरी की गई एक बुलेट बाइक बरामद की है। साजिद अपने गिरोह के साथ बुलंदशहर और एनसीआर क्षेत्र में लूट और डकैती की कई वारदातों में शामिल रहा है। 6 जुलाई 2025 को गुलावठी की तेवतियापुरम कॉलोनी में हुई डकैती में वह मुख्य वांछित था।
Also Read: IPL 2026: RCB को मिलेगा नया मालिक, डायजेओ ने शुरू की बिक्री प्रक्रिया

