कफ सिरप पीने से राजस्थान और मध्य प्रदेश में अब तक 11 बच्चों की मौत, नकली दवा से किडनी फेल होने की आशंका

Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान और मध्य प्रदेश में नकली कफ सिरप ने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। दोनों ही राज्यों में यह जानलेवा सिरप पीने से अब तक 11 मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में 9 मौतें

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत की आशंका से सनसनी फैली हुई है। छिंदवाड़ा के परासिया इलाके में वायरल फीवर के बाद हालत बिगड़ने वाले बच्चों की संख्या अब 9 हो चुकी है। प्रशासन का दावा है कि बच्चों की मौत का कारण कफ सिरप हो सकता है, जिससे उनकी किडनी फेल हो गई। बच्चों को किडनी में इन्फेक्शन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, कलेक्टर ने फिलहाल दो कफ सिरप पर बैन लगा दिया है।

एडीएम परासिया ने बताया कि प्रशासन ने सर्दी-बुखार से पीड़ित 1420 बच्चों की लिस्ट बनाई है और दो दिन से अधिक बीमार बच्चों को 6 घंटे निगरानी में रखा जा रहा है। उन्होंने प्राइवेट डॉक्टरों को भी ऐसे मरीजों को सिविल अस्पताल भेजने की हिदायत दी है।

राजस्थान में 2 बच्चों की जान गई

राजस्थान में भी इस नकली दवा ने दो बच्चों की जान ले ली है। यहां भरतपुर के 2 साल के बच्चे की इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। जुकाम की शिकायत पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से यह सिरप दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि दवा पीने के बाद बच्चा सो गया और 4 घंटे तक होश नहीं आया, जिसके 4 दिन बाद उसकी मौत हो गई। परिजन अब मामले की जाँच की मांग कर रहे हैं। वहीं सीकर में भी इसी कफ सिरप से 5 साल के एक बच्चे की मौत हो गई।

भरतपुर के बयाना से 4 अन्य मामले सामने आए हैं, वहीं बांसवाड़ा में भी सिरप के साइड इफेक्ट्स से कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई है। जयपुर में भी डॉक्टर समेत 10 लोग इस जानलेवा सिरप की चपेट में आए हैं।

Also Read: Lucknow News: विजयादशमी पर कांग्रेस कार्यालय में लगी होर्डिंग, राहुल गांधी बने भगवान श्रीराम, अजय राय दिखे लक्ष्मण के रूप में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.