टुस्को लिमिटेड में मनाया गया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, अधिकारियों ने साझा किया स्वास्थ्य मंत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर टुस्को लिमिटेड, लखनऊ (THDC इंडिया लिमिटेड व उत्तर प्रदेश सरकार की UPNEDA का संयुक्त उपक्रम) में शुक्रवार को योग दिवस उत्साह, ऊर्जा और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करने का संकल्प लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज सरदाना, योग विशेषज्ञ किरन शर्मा, अपर महाप्रबंधक अंबिका प्रसाद व्यास, वित्त विभाग के उप महाप्रबंधक विनय प्रकाश माथुर, वरिष्ठ प्रबंधक सी.पी. रतूड़ी, और वरिष्ठ प्रबंधक (HR & Admin) शशांक लाल उपस्थित रहे।
योग विशेषज्ञ ने कराया अभ्यास, बताया महत्व
योग सत्र का संचालन योगाचार्य किरन शर्मा ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान अभ्यास कराए। इस दौरान उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर भी प्रकाश डाला और बताया कि योग को यदि नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है।
सीईओ ने दिया प्रेरक संदेश
इस अवसर पर सीईओ मनोज सरदाना ने कहा, योग सिर्फ एक व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जो तन, मन और आत्मा को एकीकृत करता है। हमें रोज़ाना कम से कम 15 मिनट योग के लिए जरूर निकालना चाहिए, ताकि हम तनावमुक्त और ऊर्जावान रह सकें। पूरे कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (HR & Admin) शशांक लाल के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में सहायक प्रबंधक वड्लाकोंडा तेजा, श्रीमती माधुरी यादव, तथा संविदा कर्मी- रवि पांडे, रामकिशोर कनौजिया और अजीत कुमार ने सराहनीय योगदान दिया।
सामूहिक योग से दिया सामाजिक संदेश
इस सामूहिक योगाभ्यास ने कार्यस्थल पर स्वस्थ जीवनशैली और सामूहिक जागरूकता का मजबूत संदेश दिया “योग करें, स्वस्थ रहें”। टुस्को लिमिटेड ने यह भी स्पष्ट किया कि वह भविष्य में भी इस तरह के कल्याणकारी और जागरूकता बढ़ाने वाले आयोजनों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Also Read: UP Politics: भाजपा नेता सूरज सोमवंशी ने विधायक अनिल त्रिपाठी पर लगाए गंभीर आरोप

