सुकमा के जंगलों में जवानों से मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। किस्ताराम इलाके के जंगलों में हुई आमने-सामने की मुठभेड़ में जिला रिज़र्व गार्ड (DRG) के जवानों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।

सुकमा के पुलिस अधीक्षक (SP) किरण चव्हाण ने जानकारी दी कि पुलिस को किस्ताराम के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमा होने की सटीक खुफिया सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर DRG की एक विशेष टीम को सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया। जैसे ही जवान जंगल के भीतर पहुंचे, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। कई घंटों तक चली इस भीषण गोलीबारी के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई, तो वहां 12 नक्सलियों के शव मिले।

मुठभेड़ स्थल से जवानों ने नक्सलियों के पास से कई ऑटोमैटिक हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। एसपी ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह माना जा रहा है कि इनमें कई बड़े इनामी नक्सली भी शामिल हो सकते हैं।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ खत्म होने के बाद भी सुरक्षा बल कोई ढील नहीं दे रहे हैं। बैकअप टीम को मौके पर भेज दिया गया है और पूरे जंगल की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि कुछ और नक्सली घायल अवस्था में घने जंगल की आड़ में छिपे हो सकते हैं। इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Also Read: IPL 2026: केकेआर के लिए नहीं खेलेंगे मुस्तफिजुर रहमान, BCCI ने रिलीज करने का दिया निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.