बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सौगात, चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा दांव

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की नीतीश सरकार ने राज्यवासियों को बड़ी राहत देने वाला फैसला किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से सभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। इसका सीधा फायदा प्रदेश के 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को होगा। साथ ही, सरकार ने अगले तीन वर्षों में 10 हजार मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य तय किया है।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अपने आधिकारिक X हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर की, जिसमें उन्होंने कहा, “हम हमेशा से राज्यवासियों को सस्ती बिजली देने की दिशा में काम करते आए हैं। अब हमने फैसला किया है कि 1 अगस्त से हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसके साथ ही, अगले तीन वर्षों में घर की छतों या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे, ताकि बिजली की उपलब्धता को और बेहतर बनाया जा सके।”

गरीबों के लिए मुफ्त सोलर सिस्टम, बाकी को भी मिलेगी सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘कुटीर ज्योति योजना’ के तहत गरीब परिवारों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। वहीं अन्य परिवारों को भी सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे ना सिर्फ बिजली की खपत पर लगाम लगेगी, बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा का इस्तेमाल भी बढ़ेगा।

नीतीश कुमार के मुताबिक, सरकार का लक्ष्य है कि 2028 तक बिहार में 10,000 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन हो। इससे राज्य ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेगा और भविष्य में बिजली की दरें भी काबू में रहेंगी।

मुफ्त बिजली से चुनावी समीकरण भी होंगे प्रभावित?

विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना महज़ एक आर्थिक राहत नहीं बल्कि 2025 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा राजनीतिक दांव भी हो सकती है। बिहार में जहां बड़ी आबादी अभी भी सीमित आय में गुज़ारा करती है, वहां 125 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी सुविधा ग्रामीण और शहरी, दोनों इलाकों के गरीब और मध्यम वर्गीय मतदाताओं को सीधा लाभ दे सकती है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह घोषणा नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू और एनडीए गठबंधन के लिए चुनावी फायदा ला सकती है। क्योंकि बिजली बिल आज भी कई परिवारों के लिए मासिक बजट का अहम हिस्सा है।

Also Read: Balrampur News: छांगुर से जुड़े 14 ठिकानों पर ED की छापेमारी, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी फंडिंग की जांच तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.