कैदियों के लिए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बनी सौगात, 14 हजार बंदियों की सजा 60 दिन कम हुई
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश सरकार ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर राज्य की जेलों में बंद करीब 14 हजार कैदियों को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि सामान्य अपराधों में सजा काट रहे इन कैदियों की सजा 60 दिन कम कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जेल विभाग को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, आतंकवादी गतिविधियों, गंभीर यौन अपराधों और हत्या के मामलों में दोषी पाए गए कैदियों को इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा। राज्य की कुल 21 हजार बंदियों में से लगभग 14 हजार कैदी इस फैसले से लाभान्वित होंगे।
सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का प्रयास
सरकार सिर्फ कैदियों को राहत ही नहीं दे रही, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी यादों को भी सहेजने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में, राज्य सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए एक विशेष ‘श्रीकृष्ण पाथेय न्यास’ के गठन को मंजूरी दी है।
इस न्यास का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों और उनसे जुड़े स्थानों का प्रबंधन करना, सांदीपनि गुरुकुल की स्थापना के लिए सुझाव देना और इन स्थानों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना है। इसमें पुस्तकालय और संग्रहालय भी बनाए जाएंगे। इस पहल का लक्ष्य उन सभी जगहों को संरक्षित करना है, जहाँ माना जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने कदम रखे थे, ताकि सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाया जा सके।
Also Read: ED: ऑनलाइन गेमिंग मामले में कांग्रेस विधायक गिरफ्तार, करोड़ों की नकदी जब्त

