रंग लाई 15 साल की मेहनत, शारजाह में काम करने वाले भारतीय ड्राइवर ने जीते 100 Million

Sandesh Wahak Digital Desk: कहते हैं कि किस्मत कब बदल जाए, कोई नहीं जानता। कुछ ऐसा ही हुआ शारजाह में काम करने वाले एक भारतीय ड्राइवर के साथ, जिसकी 15 साल की मेहनत और धैर्य आखिरकार रंग ले आई। लगातार 15 साल तक लॉटरी टिकट खरीदने के बाद उसकी किस्मत चमक गई और उसने करोड़ों रुपये (100 Million) का जैकपॉट जीत लिया। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि धैर्य और उम्मीद कभी-कभी जिंदगी को पूरी तरह बदल सकती है।

Big Ticket लॉटरी में जीता करोड़ों का जैकपॉट

खलीज टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार शारजाह में पिकअप ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले विबीश पल्लियाली ने Big Ticket लॉटरी में Dh15 मिलियन यानी लगभग 33 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीता है। हालांकि यह रकम चार लोगों के बीच बांटी जाएगी, इसलिए पल्लियाली के हिस्से में करीब Dh4 मिलियन (100 Million) यानी लगभग 10 करोड़ रुपये आएंगे।

15 साल तक लगातार खरीदते रहे लॉटरी

रिपोर्ट के मुताबिक विबीश पल्लियाली पिछले 15 सालों से हर महीने नियमित रूप से लॉटरी टिकट खरीदते आ रहे थे। कई बार ऐसा भी हुआ जब उनकी पत्नी इस आदत को लेकर नाराज हो जाती थीं, क्योंकि हर महीने टिकट खरीदने में अच्छी-खासी रकम खर्च हो जाती थी। इसके बावजूद पल्लियाली ने कभी टिकट खरीदना नहीं छोड़ा। फरवरी में भी उन्होंने एक टिकट खरीदा था, लेकिन उस बार उन्हें कोई इनाम नहीं मिला।

कजिन के कहने पर खरीदा था टिकट

महीने के आखिर में पल्लियाली के कजिन और उसके दो दोस्तों ने उनसे एक बार फिर टिकट खरीदने के लिए कहा। शुरुआत में उन्होंने मना कर दिया क्योंकि वह पहले ही उस महीने का बजट खर्च कर चुके थे। लेकिन रिश्तेदारों के कहने पर उन्होंने रात करीब 8 बजे ऑनलाइन टिकट खरीद लिया। यही टिकट उनकी जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ।

खबर सुनकर पहले नहीं हुआ यकीन

जब Big Ticket की टीम ने फोन करके उन्हें जीत की जानकारी दी, तो उन्हें पहले इस पर विश्वास ही नहीं हुआ। पल्लियाली को लगा कि शायद यह कंपनी की तरफ से कोई सामान्य कॉल या ऑफर होगा। लेकिन जब उनकी पत्नी ने ऑनलाइन जाकर जानकारी चेक की, तब सामने आया कि वह सचमुच जैकपॉट जीत चुके हैं। इस पल को याद करते हुए पल्लियाली ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा जैसे कोई मजाक कर रहा हो। लेकिन जब वेबसाइट पर उनका नाम विजेता के रूप में दिखाई दिया, तब उन्हें इस बात का पूरा यकीन हुआ।

अब भारत लौटने की बना रहे हैं योजना

इस बड़ी जीत के बाद पल्लियाली अब भारत लौटकर बसने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि इस रकम का बड़ा हिस्सा वह अपनी बेटी वंदना के भविष्य और पढ़ाई के लिए इस्तेमाल करेंगे। वंदना फिलहाल बेंगलुरु में पढ़ाई कर रही है। पल्लियाली की यह कहानी अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग उनकी किस्मत और धैर्य की चर्चा कर रहे हैं।

 

Also Read: गर्मी से पहले AC के दाम बढ़े, कंपनियों ने की 5–15% तक की बढ़ोतरी, जाने क्या है कारण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.