राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष: भाजपा मनाएगी उत्सव, प्रदेश के 18 स्थानों पर सामूहिक गायन

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरे उत्तर प्रदेश में एक भव्य उत्सव मनाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा उत्सव मनाने के निर्णय के बाद, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में विस्तृत अभियान की जानकारी दी।

उत्सव का शुभारंभ और कार्यक्रम की रूपरेखा

7 नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के 18 अलग-अलग स्थानों पर 150 कार्यकर्ताओं द्वारा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन एवं सभा का आयोजन किया जाएगा। भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा सीतापुर रोड स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में सुबह 10 बजे सामूहिक गायन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

8 से 15 नवंबर 2025 तक यह अभियान सभी मण्डल स्तरों पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमजनमानस और वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता होगी। जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां, और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी। साथ ही, साहित्यिक गतिविधियों के तहत प्रदर्शनियां लगाई जाएँगी।

अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने पर निबंध, कविता व चित्रकला की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

‘वंदे मातरम्’ का ऐतिहासिक महत्व

यह राष्ट्रगीत वर्ष 1875 में बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचा गया था। इसका प्रसिद्ध वाचन वर्ष 1896 में रवीन्द्रनाथ टैगोर द्वारा कोलकाता में किया गया था। आनंद द्विवेदी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत की आत्मा की आवाज़ है जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्रवाद, एकता और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध प्रतिरोध का सशक्त प्रतीक बनकर हर भारतीय के हृदय में नई ऊर्जा का संचार किया। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने वर्ष 1950 में ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रगीत का दर्जा प्रदान किया।

Also Read: कुशाग्र हत्याकांड: दो साल बाद भी न्याय अधर में, अब और इंतज़ार नहीं!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.