15,000 करोड़ का GST घोटाला, यूपी STF ने हरियाणा से दबोचा 50,000 का इनामी ‘बल्ली

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने करोड़ों रुपये के जीएसटी फर्जीवाड़े में वांछित चल रहे शातिर अपराधी बलदेव उर्फ बल्ली को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया है। बल्ली पर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह पिछले काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?

एसटीएफ नोएडा यूनिट के एएसपी राज कुमार मिश्रा के निर्देशन में एक टीम अपराधियों की तलाश में हरियाणा के हिसार में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अपराधी बलदेव अपने घर ‘डोगरान मोहल्ला’ में छिपा हुआ है। एसटीएफ ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रविदास चौक पर घेराबंदी की और उसे धर दबोचा।

पूछताछ में बलदेव ने अपनी कहानी बयां की, जो काफी हैरान करने वाली है। उसने साल 2012 में पंजाब यूनिवर्सिटी से MBA किया था। पढ़ाई के बाद उसने हिसार में मेडिकल स्टोर खोला, लेकिन घाटा होने पर उसे बंद करना पड़ा। 2014 में पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली के अर्चित गोयल से हुई। ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह अर्चित के साथ मिलकर जीएसटी फ्रॉड के धंधे में उतर गया।

पत्रकार के नाम का भी किया इस्तेमाल

यह गिरोह कितना शातिर था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इन्होंने ‘लल्लनटॉप’ के मशहूर पत्रकार सौरभ द्विवेदी के पैन कार्ड का इस्तेमाल कर भी एक फर्जी फर्म बना डाली थी। जब सौरभ द्विवेदी को अपने नाम पर करोड़ों की जीएसटी चोरी का पता चला, तो उन्होंने नोएडा के सेक्टर-20 थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसी मामले की जांच में इस विशाल सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ।

बलदेव और उसके गिरोह ने मिलकर अलग-अलग लोगों के पैन कार्ड डेटा का गलत इस्तेमाल किया और 3500 से अधिक फर्जी फर्में खड़ी कर दीं। इन फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये के फर्जी इन्वॉइस (बिल) काटे गए और टैक्स इनपुट क्रेडिट लेकर सरकार को 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का चूना लगाया गया।

दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे

बलदेव के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-20 थाने में जालसाजी (420), कूटरचित दस्तावेज तैयार करने (467/468) और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 4 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसे जेल भेजकर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

Also Read: बटुक ब्राह्मणों के अपमान पर छिड़ा सियासी ‘वाकयुद्ध’, अखिलेश यादव की ब्रजेश पाठक को खुली चुनौती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.