मुंबई के रॉ स्टूडियो में मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति ने 17 बच्चों को बनाया बंधक, पुलिस ने सभी को सुरक्षित बचाया

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पवई इलाके में स्थित रॉ स्टूडियो में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति ने स्टूडियो के भीतर 17 बच्चों सहित कुल 19 लोगों को बंधक बना लिया। यह घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

मुंबई पुलिस ने त्वरित और सफल कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों और बंधकों को सुरक्षित छुड़ा लिया है। आरोपी, जिसकी पहचान रोहित आर्य के रूप में हुई है और जो मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है, उसे हिरासत में ले लिया गया है।

17 बच्चे, 1 सीनियर सिटीजन और 1 सिविलियन थे बंधक

डीसीपी दत्ता किशन नलावडे के अनुसार, पुलिस को दोपहर लगभग 1:45 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और स्पेशल फोर्स सहित मुंबई पुलिस की अलग-अलग टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। पुलिस के मुताबिक, स्टूडियो के अंदर 17 बच्चे, एक सीनियर सिटीजन और एक सिविलियन सहित कुल 19 लोगों को बंधक बनाया गया था।

पुलिस ने पहले बातचीत (नेगोशिएशन) के ज़रिए स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो पुलिस ने स्टूडियो में बलपूर्वक प्रवेश किया। पुलिस जाँच में सामने आया है कि बच्चों को एक वेब सीरीज़ के ऑडिशन के नाम पर स्टूडियो में बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें बंधक बना लिया गया। चूंकि बंधकों में छोटे बच्चे शामिल थे, इसलिए यह ऑपरेशन मुंबई पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीम ने बाथरूम के रास्ते से स्टूडियो में दाखिल होकर यह सफल रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। पुलिस को स्टूडियो से कुछ केमिकल पदार्थ और एक एयर गन भी बरामद हुई है। आरोपी रोहित आर्य को फिलहाल मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब आरोपी की मंशा और इस घटना के पीछे की अन्य वजहों की गहन जाँच कर रही है।

Also Read: सिद्धार्थनगर में ‘गांव की समस्या’ चौपाल का आयोजन, DM-SP ने गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.