Kanpur News: कुत्तों के हमले में घायल छात्रा के चेहरे पर लगे 17 टांके
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में आवारा कुत्तों के हमले का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। श्याम नगर में एक बीबीए छात्रा पर आवारा कुत्तों ने बुरी तरह हमला कर दिया, जिससे उसका गाल दो हिस्सों में फट गया और नाक पर भी गहरा घाव हो गया। इस हमले में उसे कुल 17 टांके लगे हैं।
छात्रा की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद कुत्तों को भगाया जा सका और उसकी जान बच पाई। फिलहाल, गंभीर हालत में छात्रा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
श्याम नगर की रहने वाली 21 वर्षीय वैष्णवी साहू एलन हाउस रूमा में बीबीए के आखिरी साल की छात्रा हैं। 20 अगस्त को जब वह कॉलेज से घर लौट रही थीं, तो मधुवन पार्क के पास आवारा कुत्तों और बंदरों के झुंड में झगड़ा हो रहा था। इसी दौरान तीन कुत्तों ने वैष्णवी पर अचानक हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला।
गाल दो हिस्सों में फटा
कुत्तों ने वैष्णवी पर इतना भयानक हमला किया कि उसके दाहिने गाल के दो टुकड़े हो गए। नाक पर भी कुत्तों ने काट लिया। वह जान बचाने के लिए भागी, लेकिन कुत्तों ने उसे गिराकर बुरी तरह जख्मी कर दिया। जब तक लोग उसे बचाने आए, वह खून से लथपथ हो चुकी थी। इस घटना के बाद से इलाके में आवारा कुत्तों का खौफ बढ़ गया है और लोगों ने घर से निकलना भी कम कर दिया है। परिवार वालों ने उसे तुरंत कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसके चेहरे पर 17 टांके लगाए गए।
Also Read: Gorakhpur News: वी-मार्ट की पार्किंग में लगी आग, तीन वाहन राख; मची अफरा-तफरी

