26/11 मुंबई आतंकी हमले की 17वीं बरसी, राष्ट्रपति मुर्मू, गृहमंत्री शाह और जेपी नड्डा ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई पर हुए भीषण 26/11 आतंकी हमले की बुधवार को 17वीं बरसी है। इस कायराना हमले में जान गंवाने वाले बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को पूरे देश ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया के माध्यम से शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

राष्ट्रपति ने किया बलिदान को नमन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट कर लिखा कि देश इन बहादुर सैनिकों के सबसे बड़े बलिदान को आभार के साथ याद करता है। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर, मैं उन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि देती हूँ, जिन्होंने हमारे देश के लोगों की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। आइए, हम सभी तरह के आतंकवाद से लड़ने का अपना वादा फिर से पक्का करें। आइए, हम एक मजबूत और ज्यादा खुशहाल भारत बनाने के इरादे के साथ तरक्की की राह पर एक साथ आगे बढ़ें।

(Amit Shah)

अमित शाह ने दोहराई जीरो टॉलरेंस की नीति

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वर्ष 2008 के इस हमले को वीभत्स और अमानवीय कृत्य बताते हुए शहीदों को नमन किया। आतंकवाद किसी एक देश के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानव जाति के लिए बहुत बड़ा अभिशाप है। मोदी सरकार की आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति स्पष्ट है, जिसे पूरा विश्व सराह रहा है और भारत के आतंक विरोधी अभियानों को व्यापक समर्थन दे रहा है।

जेपी नड्डा ने याद किया साहस और पराक्रम

जेपी नड्डा ने हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए उनके अद्भुत साहस एवं पराक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र अपने अमर सपूतों के बलिदान के प्रति सदैव ऋणी रहेगा। नड्डा ने भी जोर दिया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत आतंकवाद के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस की नीति’ के साथ एकजुटता एवं मजबूती से खड़ा है।

Also Read: रेलवे में सिर्फ हलाल मीट परोसने की शिकायत पर हंगामा, NHRC ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को भेजा नोटिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.