आतंकियों से संबंध रखने वाले 2 और सरकारी कर्मचारी बर्खास्त, LG मनोज सिन्हा का बड़ा एक्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी लड़ाई में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 311 (2) (c) का इस्तेमाल करते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। इन पर आतंकी संगठनों से संबंध रखने का आरोप है।
जाँच में यह साफ हो गया कि कुपवाड़ा के करनाह में एक शिक्षक और केरन में एक सहायक स्टॉकमैन आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम कर रहे थे। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को उनके खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। यह कोई पहला मौका नहीं है जब मनोज सिन्हा ने ऐसा कदम उठाया है। इस साल जून में भी, उन्होंने लश्कर और हिज्ब-उल-मुजाहिदीन जैसे संगठनों के लिए काम करने वाले तीन सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था।
अगस्त 2020 में उपराज्यपाल का पद संभालने के बाद से, मनोज सिन्हा ने आतंकवाद की जड़ों को खत्म करने पर जोर दिया है। उन्होंने सरकारी संस्थानों में छिपे ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) और आतंकवादियों के समर्थकों को निशाना बनाया है। उनके कार्यकाल में 2020 से 2024 के बीच सैकड़ों आतंकवादी मारे गए हैं, और 70 से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों को आतंकी संबंधों के कारण नौकरी से बर्खास्त किया गया है।
Also Read: PM मोदी ने गयाजी से बिहार को दी बिजली, रेल, सड़क, आवास, जलापूर्ति परियोजनाओं की कई सौगात

