20 लाख का जुर्माना, ठेका रद्द…सेना के जवान से टोल प्लाजा पर मारपीट मामले में NHAI सख्त
Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-709A) पर स्थित भुनी टोल प्लाजा पर एक शर्मनाक घटना सामने आई है। टोल कर्मचारियों ने भारतीय सेना के जवान कपिल सिंह और उनके भाई शिवम के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त कार्रवाई करते हुए टोल एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और उसका ठेका रद्द कर दिया है।

जल्दी निकलने की अपील पर भड़के कर्मचारी
मेरठ के गोटका गांव के रहने वाले जवान कपिल सिंह, 17 अगस्त की रात को श्रीनगर में ड्यूटी जॉइन करने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। भुनी टोल प्लाजा पर लंबी लाइन देखकर उन्होंने कर्मचारियों से जल्दी निकलने की अपील की। इस बात पर बहस बढ़ गई और टोल कर्मचारियों ने कथित तौर पर कपिल सिंह को खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा। जब उनके भाई शिवम ने बचाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस और NHAI ने की कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर टोल प्लाजा पर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। मेरठ पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है।
NHAI ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने मेसर्स धरम सिंह एंड कंपनी नामक टोल कलेक्शन एजेंसी पर 20 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है। NHAI ने एक बयान में कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों को अनुशासित रखने में नाकाम रही, जो उनके अनुबंध का उल्लंघन है। एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और भविष्य में किसी भी बोली में भाग लेने से रोकने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यह घटना सैनिकों के प्रति सम्मान और टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
Also Read: Lucknow News: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता कोर्स के लिए स्पॉट एडमिशन शुरू, ऐसे करें आवेदन

