Kushinagar News: राष्ट्रीय स्वाभिमान मोर्चा का बड़ा फैसला, गांव-गांव तक होगा संगठन का विस्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले में राष्ट्रीय स्वाभिमान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह सैंथवार ने कहा कि संगठन का विस्तार अब गांव-गांव तक किया जाएगा। हर व्यक्ति को जोड़ने और उन्हें सक्रिय बनाए रखने के लिए पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अपने सदस्यों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तैयार रहेगा और हर संघर्ष का सामना करेगा।
रविवार को नगर स्थित डिज्नी लैंड प्ले स्कूल में आयोजित कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सैंथवार ने कहा कि संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। बैठक में सदस्यों की अधिक संख्या को संगठन की ताकत बताया गया।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ पदाधिकारियों की मनमानी के कारण सक्रिय कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित हो रहा है। इस पर अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जल्द ही खड्डा में एक विशेष बैठक कर इस मतभेद को दूर किया जाएगा।
एकजुट होकर कार्य करने और मतभेदों को भुलाने का आह्वान
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बैठक की पारदर्शिता के लिए पंजिका तैयार करने और एजेंडा तय करने का सुझाव दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। संघ के मंत्री कुंजेश्वर सिंह ने संगठन में एकजुट होकर कार्य करने और मतभेदों को भुलाने का आह्वान किया।
बैठक में वरिष्ठ सदस्य राजेश मल्ल ने संगठन में शिथिलता और निष्क्रियता पर चिंता जताई तथा वरिष्ठ साथियों को सम्मानजनक पद दिए जाने की मांग रखी। बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों के परिचय से हुई।
इस मौके पर अधिवक्ता अनूप सिंह, राघवेंद्र मल्ल, नवल किशोर सिंह, सुरेंद्र सिंह, विशाल सिंह, नथुनी सिंह, व्यास सिंह, विश्वजीत प्रताप सिंह, बंका सिंह, डॉ. डी.डी. सिंह, ध्रुव नारायण सिंह, आशुतोष सिंह, नरेंद्र सिंह, अजय प्रताप सिंह, राजन सिंह और डॉ. धर्मदेव सिंह सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट : राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Siddharthnagar News: हज 2026 आवेदन तिथि बढ़ी, मोहम्मद इफ्तेखार हुसैन ने लोगों से की खास अपील

