लखनऊ की अमीरूद्दौला लाइब्रेरी का होगा कायाकल्प, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा अपग्रेड
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ की कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब ने आज कैसरबाग स्थित ऐतिहासिक अमीरूद्दौला लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार अपग्रेड करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने मुंशी नवल किशोर के नाम पर एक खास म्यूजियम बनाने का भी ऐलान किया।

लाइब्रेरी में बनेगा मुंशी नवल किशोर म्यूजियम
कमिश्नर ने बताया कि लाइब्रेरी में एक म्यूजियम बनाया जाएगा जो शहर की ऐतिहासिक विरासत को सहेजेगा। इस म्यूजियम में मुंशी नवल किशोर की पुरानी प्रिंटिंग मशीनें, उनके द्वारा प्रकाशित की गई 5,000 से ज्यादा किताबें और अन्य विंटेज वस्तुएं रखी जाएंगी। इस म्यूजियम को हेरिटेज लुक दिया जाएगा, ताकि लोग शहर के इतिहास से जुड़ सकें। अभी तक 75,000 किताबों के 2 करोड़ से ज्यादा पन्नों का डिजिटाइजेशन और ई-कैटलॉगिंग का काम पूरा हो चुका है।

बेगम हजरत महल और ग्लोब पार्क का भी लिया जायजा
डॉ. रोशन जैकब ने अमीरूद्दौला लाइब्रेरी से सटे राजा राम पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पार्कों को जोड़ने के निर्देश दिए ताकि सीनियर सिटीजन पार्क का इस्तेमाल करने वाले लोग लाइब्रेरी और कैफेटेरिया का भी आनंद ले सकें। इसके बाद, उन्होंने बेगम हजरत महल पार्क और ग्लोब पार्क का भी दौरा किया। उन्होंने पार्कों में फव्वारों की साफ-सफाई और पेड़ों की कटाई-छंटाई को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने LDA उपाध्यक्ष को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि ग्लोब पार्क में किसी भी तरह की अवैध पार्किंग न हो।
Also Read: लखनऊ को मिली बड़ी सौगात: अंग्रेजी और विदेशी भाषा विश्वविद्यालय के लिए मिली स्थायी जमीन

