Meerut News: पुलिस का हाफ एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी बदमाश शाहरुख गिरफ्तार
Meerut News: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मेरठ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना इंचौली पुलिस और स्वॉट टीम देहात ने मिलकर 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी शाहरुख को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना 22-23 सितंबर की रात की है। इंचौली पुलिस खरदौनी कट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक बाइक सवार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के रोकने पर बदमाश ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की गोली शाहरुख के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
कई मामलों में था वांछित
घायल शाहरुख को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, शाहरुख पर इंचौली थाने में चोरी के तीन मामले दर्ज हैं और वह काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने मुठभेड़ वाली जगह से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद की है। डिप्टी एसपी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: असम जमीन घोटाला: ED ने 94.22 करोड़ की संपत्ति जब्त की, आरोप पत्र भी दाखिल

