गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट से 3 की मौत, 10 झुलसे, BRD मेडिकल कॉलेज के बाहर हंगामा
Gorakhpur Durga Visarjan Accident: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला के पास प्रतिमा लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। करंट उतरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए BRD मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कई लोग सवार थे। इसी दौरान वाहन के हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से लोग करंट की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दो सगे भाई और मौसेरे भाई की मौत
इस हादसे (Gorakhpur Durga Visarjan Accident) में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई और उनका एक मौसेरा भाई शामिल है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 10 झुलसे लोगों का इलाज जारी है। तीन लोगों की मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
BRD मेडिकल कॉलेज के बाहर परिजनों का प्रदर्शन

हादसे के बाद घायलों के परिजन BRD मेडिकल कॉलेज के गेट के पास सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और हालात संभालने की कोशिश की जा रही है।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत और सात लोगों के झुलसने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Also Read: देवरिया में झोपड़ी में लगी आग, पिता-बेटी और भाई की जिंदा जलकर मौत, पत्नी ही हालत गंभीर

