3 दिग्गज कंपनियां भारत में करेंगी इतने अरब डॉलर का निवेश, बनेंगे लाखों नौकरियों के अवसर
भारत तेजी से दुनिया के टॉप एआई हब्स की सूची में उभर रहा है। ग्लोबल टेक कंपनियों का फोकस अब केवल भारतीय बाजार की विशाल उपभोक्ता शक्ति पर नहीं, बल्कि यहां पैदा हो रहे इनोवेशन, महत्वाकांक्षी प्रतिभा और तेजी से बढ़ती डिजिटल इकोनॉमी पर भी है। इसी कारण दुनिया की तीन दिग्गज कंपनियां—अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल—ने मिलकर भारत में 67.5 अरब डॉलर (करीब 5.6 लाख करोड़ रुपये) के सबसे बड़े टेक निवेश का ऐलान किया है। यह निवेश भारत की डिजिटल क्षमता को नई ऊंचाई देगा और आने वाले वर्षों में लाखों नई नौकरियों के अवसर तैयार करेगा।
अमेजन का 35 अरब डॉलर से अधिक निवेश
अमेजन ने घोषणा की है कि वह 2030 तक भारत में 35 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेगी। कंपनी डेटा सेंटर, ई-कॉमर्स इंफ्रास्ट्रक्चर, क्लाउड टेक्नोलॉजी और लॉजिस्टिक नेटवर्क को मजबूत बनाने पर फोकस करेगी। इससे न केवल छोटे व्यापारियों को लाभ मिलेगा, बल्कि डिजिटल इंडिया अभियान को भी नई रफ्तार मिलेगी।

माइक्रोसॉफ्ट का 17.5 अरब डॉलर का ब्लूप्रिंट
माइक्रोसॉफ्ट ने 17.5 अरब डॉलर के निवेश का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया है। कंपनी भारत में क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार, स्किलिंग प्रोग्राम्स को मजबूत करने और नए डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने पर काम करेगी।
कंपनी के सीईओ सत्य नडेला ने कहा कि आने वाले दशक में एआई और उन्नत तकनीकी टूल्स करोड़ों लोगों के काम करने और इनोवेशन करने का तरीका बदल देंगे। नडेला के मुताबिक 2030 तक भारत में 57.5 मिलियन डेवलपर्स होंगे, जिससे भारत दुनिया की सबसे बड़ी डेवलपर कम्युनिटी बन जाएगा।
गूगल के निवेश से 1.88 लाख नौकरियां बनने का अनुमान
गूगल भी भारत में एआई और क्लाउड आधारित परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है। अनुमान है कि इन पहलों से देश में करीब 1,88,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां तैयार होंगी। कंपनी लोकल एआई मॉडल, स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल एजुकेशन को व्यापक बनाने में भी निवेश कर रही है।

