गुमला में सुरक्षा बलों और पुलिस के साथ मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर, 10 लाख के इनामी भी शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के गुमला जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए हैं। इनमें लालू लोहरा और छोटू उरांव जैसे कुख्यात नक्सली शामिल हैं, जिन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। तीसरा नक्सली सुजीत उरांव था।
गुमला पुलिस ने तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है। मारे गए नक्सलियों में लोहरदगा का लालू लोहरा, जो जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर था, और लातेहार का छोटू उरांव, जो भी सब-जोनल कमांडर था, शामिल हैं। दोनों के पास से एके-47 राइफलें बरामद हुई हैं। तीसरा नक्सली सुजीत उरांव लोहरदगा का रहने वाला था और संगठन में कैडर के रूप में काम कर रहा था। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
सितंबर में चौथी मुठभेड़, कुल 8 नक्सली ढेर
सितंबर महीने में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच यह चौथी मुठभेड़ है, जिसमें अब तक कुल आठ नक्सली मारे जा चुके हैं।
15 सितंबर: हजारीबाग में 1 करोड़ के इनामी माओवादी सहदेव सोरन और 25 लाख के इनामी रघुनाथ हेंब्रम सहित तीन नक्सली मारे गए थे।
14 सितंबर: पलामू में 5 लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया था।
7 सितंबर: पश्चिमी सिंहभूम में 10 लाख का इनामी अमित हांसदा ढेर हुआ था।
झारखंड पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक कुल 32 नक्सली मारे जा चुके हैं। पुलिस और केंद्रीय बल मिलकर मार्च 2026 तक झारखंड को ‘नक्सल मुक्त’ बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। फिलहाल, राज्य में लगभग 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं, जिनमें से 13 बड़े नक्सलियों पर लाखों-करोड़ों का इनाम घोषित है।
Also Read: कुशीनगर में उद्योगों को बढ़ावा देने की तैयारी, हर तहसील में 5-5 एकड़ ज़मीन होगी अधिग्रहीत

