Lucknow News: दहेज के लिए महिला की हत्या के आरोप में पति समेत 3 लोग गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति समेत ससुराल के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
चिनहट के कंचनपुर मटियारी गांव में 24 साल की रूबी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता, अमरनाथ ने चिनहट थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी की शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) और 85 और डीपी एक्ट के तहत पति अजय कुमार रावत, ससुर अशोक कुमार और सास राज कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मृतका के दो और रिश्तेदारों को भी नामजद किया गया है, जिनकी तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए, उच्च अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया और फोरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
Also Read: Lucknow News: स्कॉर्पियो से लोगों को रौंदने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

