Balrampur News: महिला सिपाही से छेड़छाड़ मामले में दीवान समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पुलिस विभाग के अंदर एक गंभीर मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। कोतवाली देहात में रंग लगाने के बहाने सरेआम महिला सिपाही से छेड़छाड़ करने वाले एक दीवान सहित तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों पर आखिरकार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीजी गोरखपुर जोन ने तीनों आरोपी पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित भी कर दिया है। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

CM कार्यालय के संज्ञान के बाद हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, इस संवेदनशील मामले को मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी संज्ञान में लिया था। प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने महिला आरक्षी से जुड़े मामले में कार्रवाई कर रिपोर्ट तलब की थी, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई संभव हो पाई है। महिला आरक्षी कोतवाली देहात में हेल्प डेस्क पर तैनात थी। आरोप है कि मार्च महीने में होली के दूसरे दिन होली खेलने के बाद वह चाभी लेने के लिए कोतवाली के अंदर पहुँची। तभी पीछे से दीवान अमित कुमार, सिपाही शैलेंद्र कुमार और पन्नेलाल वहाँ पहुँचे और जबरन हरा रंग लगाने के लिए उसे दौड़ाने लगे।

पीड़िता नशे में धुत दीवान और सिपाहियों से बचने के लिए शोर मचाते हुए परिसर में खड़े ट्रैक्टर पर चढ़ गई, लेकिन तीनों ने उसे नीचे उतारकर छेड़खानी की। पीड़िता ने पहले तत्कालीन एसएचओ से शिकायत की, लेकिन मामले को दबा दिया गया। मनबढ़ आरोपी लगातार उसके साथ छेड़छाड़ करते रहे। इसके बाद पीड़िता ने एएसपी के सामने लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आठ माह बाद एक्शन

सीओ सदर ज्योत श्री को जाँच सौंपी गई थी, लेकिन आठ माह तक जाँच के नाम पर केवल बयान दर्ज किए गए और तीनों आरोपियों को सिर्फ लाइन हाजिर कर दिया गया। कार्रवाई न होने से आरोपी उसके निजी आवास पर पहुँचकर रात में धमकी भी देने लगे थे। डीआईजी के सख्त तेवर पर गुरुवार को कोतवाली देहात में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और बाद में निलंबन का आदेश भी जारी किया गया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है, वहीं महिला आरक्षियों में सुरक्षा को लेकर खुशी की लहर है।

Also Read: कफ सिरप तस्करी: UP STF ने 100 करोड़ के सिंडिकेट से जुड़े ‘अमित टाटा’ को लखनऊ से किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.