दिल्ली में ISI समर्थित खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े 3 आतंकी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) से जुड़े एक खतरनाक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों से तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि ये तीनों आतंकी पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में थे और दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई शहरों में बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की फिराक में थे।

निशाने पर थे धार्मिक स्थल और VVIP इलाके

पुलिस के अनुसार, आतंकियों के निशाने पर खास तौर पर दिल्ली के बड़े धार्मिक स्थल, भीड़भाड़ वाले बाजार और वीआईपी (VIP) इलाके थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और गिरफ्तार आतंकियों से आगे की पूछताछ जारी है।

इस मॉड्यूल के मास्टरमाइंड पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी का नाम हाल ही में एक अन्य हाई-प्रोफाइल मामले में सामने आया था। गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई ने शनिवार को एनआईए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर शहजाद भट्टी से खुद को जान का बड़ा खतरा बताते हुए सरकार से सुरक्षा की मांग की थी।

अनमोल और उसके परिवार को सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में शहजाद भट्टी द्वारा खुलेआम हत्या की धमकी दी गई थी। अनमोल बिश्नोई की ओर से यह भी कहा गया था कि यह खतरा सिर्फ धमकी नहीं है, क्योंकि मार्च 2025 में भी जालंधर में एक यूट्यूबर के घर हुआ ग्रेनेड हमला इसी गैंगस्टर की वीडियो धमकियों के बाद हुआ था, और उसने हमले की जिम्मेदारी भी ली थी।

Also Read: बलूचिस्तान में 24 घंटे में 7 धमाकों से दहशत, रेलवे लाइन उड़ाई, BLA पर लगा हमलों का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.