Siddharthnagar News: 30 साल पुराना राजकीय बीज भंडार बना सांपों का बसेरा, कर्मचारी दर-दर भटकने को मजबूर
Siddharthnagar News: जनपद सिद्धार्थनगर के लोटन ब्लॉक में स्थित 30 साल पुराना राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्र आजकल किसी खंडहर से कम नहीं। यह केंद्र वर्तमान में जर्जर हालत में है, चारों ओर घास-फूस, कचरे का अंबार लगा है और तो और यह सांपों का बसेरा बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति से अनजान बने हुए हैं। जहां किसानों को शुद्ध बीज मिलना चाहिए, वहां कचरे और सांपों का अड्डा बना हुआ है, जिससे केंद्र पर जाना भी नामुमकिन हो गया है।
9 कर्मचारी बेघर, चाय की दुकानों से चल रहा काम
राजकीय बीज भंडार लोटन क्षेत्र में 70 से 80 प्रतिशत लोग कृषि गतिविधियों पर निर्भर हैं। इस केंद्र पर 9 कर्मचारी भी तैनात हैं, लेकिन भवन की बदहाली के चलते वे दर-दर भटकने को मजबूर हैं। कर्मचारी कभी इस दुकान तो कभी उस दुकान पर बैठकर अपना समय बिताते हैं और कृषि संबंधी कार्य निपटाते हैं। बगल की चाय या अन्य दुकानों पर बैठकर किसी तरह काम चलाया जा रहा है।
सिद्धार्थनगर जिले में कुल 14 राजकीय बीज भंडार केंद्र हैं, जिनमें से लोटन बाजार का यह केंद्र भी एक है। लोटन बाजार के अंतर्गत लगभग 54 ग्राम पंचायतें और 7 न्याय पंचायतें आती हैं, जिनमें लगभग 120 राजस्व गांव और 1,14,210 की आबादी है। लाखों किसानों को शुद्ध बीज उपलब्ध कराने का दायित्व इसी केंद्र का है। जनपद में राजकीय बीज भंडार केंद्रों की जर्जर हालत का यह दृश्य महज एक उदाहरण है।

कर्मचारियों ने बयां की अपनी आपबीती
शुक्रवार को राजकीय बीज भंडार लोटन बाजार के प्रभारी उमेश कुमार और महेंद्र कुमार ने “संदेश वाहक” से खास बातचीत में अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि राजकीय बीज भंडार लोटन में बहुत बड़ी असुविधा है। उमेश कुमार के साथ कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र कुमार, राजमंगल सिंह (टीएसी), अजय कुमार, विनोद कुमार, नीरज कुमार, राजीव तिवारी (एटीएम), विनय वर्मा, रामकृष्ण मिश्रा (एडीओ एजी) सहित कुल 8 स्टाफ यहां तैनात हैं, जो सभी दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें लोटन बाजार में साधन सहकारी समिति में एक कमरा मिला है, जो छत से टपकता है। उसी में बीज और अन्य सामान तो रख दिया गया है, लेकिन दफ्तर का काम करना या वहां बैठना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना जिला कृषि अधिकारी सिद्धार्थनगर मोहम्मद मुजम्मिल खान को दी गई है, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि जब वे खुद समस्याओं से घिरे हैं, तो किसानों को अच्छी सुविधाएं कैसे दें। किसी तरह से कृषि कार्य किया जा रहा है।
लोटन बाजार क्षेत्र के किसान भी इस स्थिति से परेशान हैं। लालबेनी बौद्ध, रामनारायण सिंह, प्रेम, केशव प्रसाद, प्रदीप कुमार, जान दास सहित दर्जनों किसानों का कहना है कि “समस्या जटिल है। बीज की जगह सांप और कीड़े-मकोड़ों का बसेरा है। कौन वहां जाए? कैसे बीज आदि लें?” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसका पुनर्वास नहीं हुआ तो वे सभी जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे।
जर्जर भवन की जगह बनेगा किसान कल्याण केंद्र: कृषि अधिकारी

इस संबंध में उपकृषि निदेशक सिद्धार्थनगर राजेश कुमार और जिला कृषि अधिकारी सिद्धार्थनगर मोहम्मद मुजम्मिल खान ने संयुक्त रूप से “संदेश वाहक” को बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडार लोटन का भवन सच में काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। उन्होंने स्वीकार किया कि यह मामला उनके संज्ञान में है और स्थिति सत्य है। उन्होंने बताया कि उक्त जर्जर एवं खंडहर भवन का ध्वस्तीकरण होगा और फिर उसी जगह पर “किसान कल्याण केंद्र” का निर्माण होना है। इसकी स्वीकृति मिल गई है और धन आवंटन होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: UP News: बरेली पुलिस का सराहनीय कार्य, 266 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए

