राहुल गांधी की अगुवाई में 300 सांसद आज चुनाव आयोग के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन, मतदाता सूची में धांधली का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद आज संसद से चुनाव आयोग तक मार्च निकाल रहे हैं। यह मार्च बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण और 2024 के लोकसभा चुनावों में कथित ‘मतदाता धोखाधड़ी’ के आरोपों के खिलाफ है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं।
300 सांसद करेंगे मार्च
‘इंडिया’ ब्लॉक के करीब 300 सांसद संसद भवन परिसर से पैदल चलकर चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, विपक्ष के नेताओं ने चुनाव आयुक्तों से मुलाकात के लिए समय भी मांगा है। हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है।
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। उन्होंने कहा, “एक ही व्यक्ति का नाम कई जगहों पर दिख रहा है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची का इलेक्ट्रॉनिक डेटा मांगा है, ताकि सॉफ्टवेयर की मदद से यह पता लगाया जा सके कि एक ही EPIC नंबर पर कितने वोट डाले गए हैं।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि बिहार में इतने बड़े पैमाने पर मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (SIR) क्यों किया जा रहा है।
बीजेपी ने बताया ‘गैर-मुद्दा’
विपक्ष के मार्च पर बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “कुछ लोगों को आंदोलन करने का शौक होता है।” सारंगी ने राहुल गांधी के आरोपों को “गैर-मुद्दा” बताया और कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को बदनाम करने की यह कोशिश निंदनीय है।
इससे पहले, कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भी राहुल गांधी से उनके ‘वोट चोरी’ के आरोपों से जुड़े दस्तावेज़ जमा करने को कहा था। सीईओ कार्यालय ने राहुल गांधी के दावे की शुरुआती जांच की और पाया कि उनके आरोपों की सत्यता पर सवाल उठ रहे हैं।

