दिल्ली मतदाता सूची से 47.5 लाख नाम हटाए गए, जानिए किन इलाकों में कटे सबसे ज्यादा वोटर
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद सोमवार को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। इस अभियान में करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं का घर-घर जाकर गहन सत्यापन किया गया, जिसके बाद 47.5 लाख (47,56,722) से अधिक नाम वोटर लिस्ट से डिलीट कर दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, हटाए गए कुल नामों में से लगभग 43 प्रतिशत लोग स्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं, 2.8 लाख मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जबकि लगभग 1.5 लाख डुप्लीकेट मतदाता पाए गए थे।
इस सत्यापन अभियान के दौरान 67 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने बीएलओ (BLO) के साथ डिजिटली अपनी जानकारी साझा की। दिल्ली की अंतिम और फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।
विधानसभा वार देखा जाए तो ओखला, बुराड़ी और बदरपुर में सबसे ज्यादा कटौती हुई है। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के आंकड़ों से सामने आया है कि राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में बड़ी संख्या में वोटरों के नाम घटे हैं।
सर्वाधिक नाम घटने वाले मुख्य इलाके
बुराड़ी: उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आने वाले इस इलाके से 1.5 लाख से अधिक नाम कटे हैं।
ओखला: यहाँ 1.63 लाख नाम घटे हैं (45.33%)।
बदरपुर: करीब 1.46 लाख नाम कम हुए हैं (42.67%)।
विकासपुरी: लगभग 1.46 लाख नाम हटाए गए हैं।
रिठाला: 1.06 लाख नाम सूची से हटाए गए हैं।
तुगलकाबाद: प्रतिशत के लिहाज से यहाँ सबसे ज्यादा 47.85% नाम घटे हैं।
कस्तूरबा नगर: 44.03% नाम हटाए गए हैं।
आरके पुरम: 44% नाम कम हुए हैं।
पुरानी और मध्य दिल्ली का हाल
चांदनी चौक: 39% नाम कम हुए हैं।
बल्लीमारान: 32.6% नाम हटे हैं।
मुस्तफाबाद: 28% नाम कटे हैं।
बाबरपुर: 27% नाम घटे हैं।
सीलमपुर: 23.3% नाम हटाए गए हैं।
कम नाम घटने वाले इलाके
दिल्ली कैंट: यहाँ सबसे कम 22,855 नाम हटाए गए।
रोहिणी: प्रतिशत के मामले में सबसे कम 16.5% (24,888 नाम) हटे हैं।
शकूर बस्ती: 18.74% (27,233 नाम) कम हुए हैं।
मंगोल पुरी: 21.24% नाम हटे हैं।
राजौरी गार्डन: 20.86% (30,856 नाम) और मटिया महल में 24.5% (32,099 नाम) डिलीट किए गए हैं।
जिलावार आंकड़े: साउथ ईस्ट दिल्ली में सबसे बड़ी कटौती
साउथ ईस्ट दिल्ली: सबसे ज्यादा 6.79 लाख नाम हटाए गए।
पूर्वी दिल्ली: 5.70 लाख नाम हटे।
उत्तर पूर्वी दिल्ली: 5.43 लाख नाम डिलीट हुए।
दक्षिणी दिल्ली: 5.19 लाख नाम हटे।
उत्तर पश्चिमी दिल्ली: 3.71 लाख नाम कम हुए।
नई दिल्ली: सबसे कम 60,170 नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
वोटर लिस्ट में नाम जांचने और नया नाम जोड़ने का तरीका
यदि आप दिल्ली के निवासी हैं, तो 31 अगस्त से 30 सितंबर तक अपने नाम की जांच करने और सुधार करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) या चुनाव आयोग के आधिकारिक वोटर पोर्टल पर जाएं। अपनी भाषा का चयन कर मतदाता पहचान पत्र (EPIC) नंबर, राज्य (दिल्ली) और कैप्चा कोड दर्ज करके अपना नाम चेक करें।
यदि आपका नाम कट गया है या नया नाम जुड़वाना है, तो 30 सितंबर तक फॉर्म 6 भरकर आवश्यक घोषणापत्र के साथ जमा करें। पते में बदलाव की स्थिति में नए इलाके के लिए भी फॉर्म 6 ही भरना होगा। जन्मतिथि और पते के प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट, या 10वीं/12वीं की मार्कशीट मान्य है। यदि ये दस्तावेज़ न हों, तो आवेदक स्वयं या माता-पिता/पति-पत्नी/वयस्क बच्चों के नाम पर जारी स्वप्रमाणित निवास प्रमाण पत्र दे सकता है।
Also Read: लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के लिए 40 लाख की सुपारी, ड्राइवर ने बताए 5 और नाम

