Lucknow News: हत्या की सुपारी लेने जा रहे 4 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एसटीएफ ने एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की हत्या करने जा रहे तीन सुपारी किलर्स और सुपारी देने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी कैसरगंज थाना क्षेत्र में एक पुलिस मुठभेड़ के बाद हुई।
पुलिस के अनुसार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय सिंह की हत्या की साजिश उनके भाई के दामाद आलोक कुमार सिंह ने रची थी। उसने इस काम के लिए तीन कुख्यात हत्यारों को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। एसटीएफ को इस साजिश की भनक लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन चारों को धर दबोचा।
एसटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि ये सभी अपराधी कैसरगंज के कडशर भिटौरा मोड़ पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम मौके पर पहुंची और चारों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में एसटीएफ ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी परशुराम मौर्य के पैर में गोली लगी और उसे तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाकी तीन आरोपी साकेत रावत, प्रदीप यादव और साजिशकर्ता आलोक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि आलोक सिंह का विजय सिंह से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आलोक ने उन्हें 10 लाख रुपये में विजय सिंह की हत्या की सुपारी दी थी, जिसमें से कुछ पैसे उन्हें एडवांस के तौर पर भी मिले थे। आरोपियों ने बताया कि वे सभी पहले से ही आपराधिक मामलों में लिप्त थे और हाल ही में जेल से छूटकर आए थे। पैसों की लालच में उन्होंने यह सुपारी ले ली थी।
पुलिस ने इन अपराधियों के पास से दो पिस्तौल, एक रिवाल्वर, दो मैगजीन और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही, हत्या के लिए इस्तेमाल होने वाली एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कैसरगंज थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: UP Crime News: वाराणसी पुलिस की बड़ी कामयाबी, हत्या के मामले में फरार आरोपी नंदलाल गिरफ्तार

