Lucknow News: 4 साल की बच्ची से स्कूल वैन में रेप, ड्राइवर गिरफ्तार, प्रबंधक पर भी FIR

Lucknow News: राजधानी लखनऊ से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां इंदिरानगर इलाके में एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ उसकी स्कूल वैन के ड्राइवर ने ही दुष्कर्म किया। जब बच्ची रोते हुए घर पहुंची और मां को आपबीती बताई, तो परिवार के होश उड़ गए। इस मामले में पुलिस ने आरोपी वैन ड्राइवर मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है और स्कूल प्रबंधक संदीप कुमार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

मासूम ने रोते हुए बताई आपबीती

यह मासूम बच्ची इंदिरानगर के एक प्ले स्कूल में पढ़ती है। स्कूल से घर लौटने पर वह सहमी हुई थी और मां को देखते ही अचानक रोने लगी। जब मां ने प्यार से पूछा कि क्या हुआ, तो बच्ची ने रोते-रोते बताया कि वैन अंकल ने गंदी हरकत की। यह सुनकर परिवार सदमे में आ गया। परिजन तुरंत बच्ची को लेकर स्कूल पहुंचे और ड्राइवर की शिकायत की, लेकिन आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई कार्रवाई नहीं की।

आरोपी ड्राइवर ने दी धमकी, मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि

पीड़िता की मां ने जब आरोपी ड्राइवर से घटना की शिकायत की, तो उसने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दीं और मां-बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद, परिजनों ने 17 जुलाई को इंदिरानगर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई।

ड्राइवर जेल भेजा गया, प्रबंधक पर भी हुई कार्रवाई

डीसीपी पूर्वी ज़ोन ने बताया कि आरोपी मोहम्मद आरिफ (25), जो लवकुश नगर, आम्रपाली के पास, इंदिरानगर का निवासी है, उसे 18 जुलाई को कल्याण अपार्टमेंट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर रेप, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में यह सामने आया कि स्कूल वैन में कोई महिला अटेंडेंट नहीं थी और ड्राइवर का वेरिफिकेशन भी नहीं कराया गया था। इसे स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही मानते हुए, प्रबंधक संदीप कुमार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीपी गाजीपुर अनिध्य विक्रम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है और स्कूल प्रबंधक की भूमिका की विस्तृत जांच चल रही है।

Also Read: यूपी में होम्योपैथिक मेडिकल स्टोरों की होगी जांच, गैरहाज़िर डॉक्टरों पर भी कसेगा शिकंजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.