Siddharthnagar: 43वीं वाहिनी एसएसबी ने मनाया नशा मुक्ति पखवाड़ा, युवाओं को किया जागरूक
Sandesh Wahak Digital Desk: देश का उज्ज्वल भविष्य युवाओं पर टिका है, और अगर वे नशे की गिरफ्त में आ गए तो आने वाला कल खतरे में पड़ जाएगा। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में इसी संदेश के साथ 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने ‘नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस’ के अवसर पर नशा मुक्ति पखवाड़े का आयोजन किया।

नशे के खिलाफ जुटे जवान और छात्र
इस अभियान के तहत सिद्धार्थनगर के सीमा चौकी ककरहवा और धनौरा में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल, थरौली के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक और रैली के ज़रिए लोगों को जागरूक किया। वहीं, सीमा चौकी धनौरा द्वारा धनौरा मुस्त्कम गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर नशा मुक्ति का संकल्प लिया।

नशे से दूर रहने की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी के जवानों, स्कूली छात्रों और स्थानीय नागरिकों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही है। शराब, तंबाकू, सिगरेट जैसे नशीले पदार्थ न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि कैंसर जैसी घातक बीमारियों का कारण भी बनते हैं। इस आयोजन में निरीक्षक राम प्रताप (समवाय प्रभारी ककरहवा), निरीक्षक नीलाक्ष भुइया सहित कई अन्य अधिकारी, जवान, स्थानीय नागरिक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: लखनऊ हत्याकांड: पैसों के लिए दोस्त बना दरिंदा, चार गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

