राम मंदिर में लगा 44 फिट ऊंचा धर्म ध्वज दंड, जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी रामनगरी
Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या में निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर को मंगलवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली जब इसके मुख्य शिखर पर धर्म ध्वज दंड की स्थापना कर दी गई। वैशाख शुक्ल द्वितीया के पावन दिन यह कार्य सुबह 6:30 बजे शुरू होकर करीब 8 बजे पूर्ण हुआ। इस ऐतिहासिक क्षण के साथ ही मंदिर को औपचारिक रूप से पूर्णता प्राप्त हो गई है।
धर्म ध्वज दंड की लंबाई 42 फीट और वजन करीब 5.5 टन है। इसे दो भारी क्रेनों की सहायता से उठाकर पहले सीधा किया गया और फिर टावर क्रेन की मदद से क्षैतिज रूप में मुख्य शिखर तक पहुँचाकर स्थापित किया गया। इस ध्वज दंड का लगभग 10 फीट हिस्सा मंदिर शिखर के भीतर स्थापित किया गया है। अब मंदिर की कुल ऊंचाई बढ़कर 201 फीट हो गई है।
इस कार्य में लार्सन एंड टुब्रो और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के अभियंताओं के साथ अहमदाबाद से आए विशेषज्ञों ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा और व्यवस्थापक गोपाल राव सहित कई अन्य गणमान्य लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।
गौरतलब है कि मंदिर के मुख्य शिखर पर 14 अप्रैल को कलश की स्थापना की गई थी। अब, धर्म ध्वज दंड की स्थापना के बाद मंदिर के प्रथम तल पर राम दरबार की मूर्तियों की स्थापना का कार्य अगले माह पूरा होने की संभावना है।
व्यवस्थापक गोपाल राव ने जानकारी दी कि आने वाले समय में मंदिर परिसर के भीतर स्थित छह देवी-देवताओं के मंदिरों पर भी इसी प्रकार के धर्म ध्वज दंड स्थापित किए जाएंगे।
Also Read: अब यूपी पुलिस नहीं करेगी ‘तू-तड़ाक’, गाज़ियाबाद पुलिस आयुक्त ने जारी किए ये निर्देश

