बरेली हिंसा में अब तक 49 गिरफ्तार, 2500 अज्ञात पर केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के बरेली में शुक्रवार की नमाज के बाद भड़की हिंसा को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार देर रात तक हुई छापेमारी में 41 और आरोपियों को पकड़ा गया, जिससे अब तक कुल 49 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, 9 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
2500 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज
अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस मामले में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें 180 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान का नाम भी शामिल है, जिन पर कथित तौर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान करने का आरोप है। इसके अलावा 2500 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा समेत 8 मुख्य आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान सरफ़राज़, मनीफ़ुद्दीन, अज़ीम अहमद, मोहम्मद शरीफ़, मोहम्मद आमिर, रेहान और मोहम्मद सरफ़राज़ के रूप में हुई है।
”धर्म के नाम पर हिंसा और त्योहारों में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
योगी आदित्यनाथ,मुख्यमंत्री यूपी
जिला प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
Also Read: Azamgarh News: पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

