एक डूबी तो बचाने उतरीं 4 लड़कियां, प्रयागराज में 2 किशोरियां बहाव में बहीं, 3 सुरक्षित
Prayagraj Karnavati River Accident: प्रयागराज के मांडा में कजरी पर्व के दौरान सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कर्णावती नदी में जौ की जरई डुबाने पहुंचीं पांच किशोरियां अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गईं। एक किशोरी के डूबने पर उसे बचाने के लिए चार अन्य भी नदी में उतर गई थीं।
हादसे में तीन किशोरियों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो किशोरियां तेज लहरों में बह गईं। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। PAC की बाढ़ राहत टीम नाव के जरिए उनकी तलाश में जुटी रही।
जरई डुबाने के दौरान हुआ हादसा
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे मांडा क्षेत्र के सुरवां दलापुर गांव से करीब 600 मीटर दूर रामपुर सीरिया गांव के पास हुई। शुभी मिश्रा (14), अर्पिता उर्फ अंकिता तिवारी (14), अर्चिता उर्फ गुल्लू (12), प्राप्ति मिश्रा (11) और राबी (13) कजरी पर्व को लेकर घर में बोई गई जौ की जरई नदी में डुबाने पहुंची थीं।
जरई डुबाने के दौरान प्राप्ति अचानक नदी के तेज बहाव में फंसकर डूबने लगी। उसे बचाने के लिए शुभी, अंकिता, गुल्लू और राबी भी नदी में आगे बढ़ीं, लेकिन चारों भी तेज धारा की चपेट में आ गईं।
पुल पर खड़े युवकों ने तीन को बचाया
किशोरियों की चीख-पुकार सुनकर नदी के ऊपर बने पुल पर मौजूद हरिओम, आशुतोष और सूचित तिवारी ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। युवकों ने जोखिम उठाकर तीन किशोरियों- प्राप्ति, गुल्लू और राबी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं शुभी और अंकिता तेज बहाव में बह गईं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा, तहसीलदार मेजा पवन सिंह और नायब तहसीलदार चंदन पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोपहर करीब 2:30 बजे गोताखोर मुनीम निषाद, नकुल निषाद और विक्की को भी बुलाया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण तलाश में सफलता नहीं मिली।
शाम करीब पांच बजे PAC की बाढ़ राहत टीम मौके पर पहुंची और नाव की मदद से दोनों किशोरियों की तलाश शुरू की। अंधेरा होने तक भी उनका पता नहीं चल सका था। नदी का तेज बहाव राहत और खोज अभियान में लगातार बड़ी बाधा बना हुआ था।
Also Read: कौशांबी में पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, 7 लोगों की मौतों, कई घर ढहे

