अयोध्या में विस्फोट से 5 लोगों की मौत, सीएम योगी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता
Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद के पगला भारी गांव में गुरुवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक घर में हुए जबरदस्त विस्फोट के कारण पूरा मकान परखच्चे में उड़ गया, जिसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे और 2 वयस्क शामिल हैं, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुए इस हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि धमाके की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण आसपास के 3-4 मकानों में दरारें आ गईं और मलबा लगभग 500 मीटर दूर तक बिखर गया। शुरुआती जाँच में विस्फोट का कारण गैस सिलेंडर या फिर अवैध पटाखों का भंडारण माना जा रहा है। देर रात तक मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी रहा।
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जानकारी मिलते ही गहरा शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ जाहिर कीं। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि अयोध्या की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल राहत पहुँचाने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सहायता राशि: जिलाधिकारी (डीएम) ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सरकारी सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
घायलों का इलाज: सीएम ने निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत जिला अस्पताल या लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया जाए, जहाँ उनका निःशुल्क और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए।
Also Read: 62 गेंदों में जड़ दिया शतक, शिवम दुबे ने बरपाया कहर, एक ओवर में उड़ाए 4 छक्के

