ट्रक और टेम्पो की टक्कर में 5 की मौत, 7 बच्चों समेत 12 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के जोधपुर जिले में आज रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर बालेसर के पास खारी बेरी गाँव में ट्रक और टेम्पो की भीषण टक्कर में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 7 बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु गुजरात के साबरकांठा से प्रसिद्ध रामदेवरा मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।
बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुआ। बाजरे की बोरियों से भरे एक ट्रक ने सामने से आ रहे टेम्पो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक आगे जाकर पलट गया। टेम्पो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने जोधपुर के मथुरा दास माथुर (एमडीएम) हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में 4 बच्चे शामिल
टेम्पो में गुजरात के साबरकांठा से महिलाओं और बच्चों समेत करीब 20 लोग सवार थे। यह दुर्घटना रामदेवरा के दर्शन के लिए जा रहे भक्तों के लिए दुखद साबित हुई। मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। अभी तक कोकिला (58) पत्नी कालूसिंह परमार और प्रिया (14) पुत्री तारु सिंह परमार, दोनों निवासी रघुनाथपुरा, साबरकांठा की पहचान हो पाई है। बाकी शवों की पहचान की जा रही है।
हादसे में घायल हुए 12 लोगों में 7 बच्चे शामिल हैं। घायलों को तुरंत बालेसर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में महेंद्र सिंह, कालूसिंह परमार, हिम्मत सिंह परमार, किशाभाई वारन्ध के अलावा अनुराधा (12), वीरा (10), उमा (14), आराधना (15), हनी (8), निकिता (14), आशिक (10) और अर्जुन (20) शामिल हैं। सभी का इलाज जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में चल रहा है।

