हजरत निजामुद्दीन में दर्दनाक हादसा, पत्ते शाह दरगाह परिसर में छत गिरने से 5 की मौत, कई घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हुआ। पत्ते शाह दरगाह परिसर के एक कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां मौजूद 15 से 16 लोग मलबे के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

5 लोगों की मौत, 10 को बचाया गया

फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए दबे लोगों को बाहर निकाला और एम्स भेजा। डॉक्टरों ने इनमें से 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिनमें 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। बाकी घायलों का इलाज जारी है।

हादसे की वजह पर जांच जारी

पत्ते शाह दरगाह, हजरत निजामुद्दीन दरगाह के पास स्थित है और ऐतिहासिक महत्व रखती है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि भारी बारिश की वजह से छत कमजोर होकर गिर गई होगी। हालांकि, हादसे के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

गमगीन माहौल, लोगों में शोक

इस हादसे से इलाके में मातम पसरा हुआ है। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। पुलिस ने बताया कि मलबा हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई और अंदर दबा न हो।

Also Read: Kanpur News: 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.