Noida News: BMW की टक्कर से 5 साल की बच्ची की मौत, दो घायल; कार सवार गिरफ्तार
Noida News: नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई और स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बीएमडब्ल्यू कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार गुल मोहम्मद अपनी 5 वर्षीय बेटी को चाइल्ड पीजीआई अस्पताल दिखाने जा रहे थे। उनके साथ राजा नाम का एक अन्य युवक भी मौजूद था। जैसे ही उनकी स्कूटी सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि स्कूटी पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
इस हादसे में गुल मोहम्मद की बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गुल मोहम्मद और राजा को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि बीएमडब्ल्यू कार में सवार अभिषेक और यश नाम के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नोएडा में इस तरह के हादसे हो चुके हैं। 3 जून को नोएडा के सेक्टर-53 इलाके में एक बेलगाम थार ने एक युवक को टक्कर मार दी थी। उस घटना में कुछ युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसके बाद हमलावर ने थार को तेज़ी से युवक की ओर दौड़ाया और उसे ज़ोरदार टक्कर मार दी थी। वह टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि युवक सड़क से उछलकर नाली में जा गिरा था। उस मामले में भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई थी।
Also Read: लखनऊ वालों सावधान: अब डॉगी को घुमाना होगा जिम्मेदारी के साथ, नहीं तो लगेगा जुर्माना

