Azamgarh News: जनसेवा केंद्र संचालक से 50 हजार रुपये की लूट, पिस्टल दिखाकर बदमाशों ने छीना बैग

Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार देर रात कूबा पीजी कॉलेज के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक जनसेवा केंद्र संचालक से 50,000 रुपये लूट लिए।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित शाह आलम मेहनाजपुर के दरियापुर नवादा गांव के रहने वाले हैं और पंजाब नेशनल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। वे देर रात अपना केंद्र बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध नकाबपोशों को देखा और वापस भागने की कोशिश की। लेकिन, पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें दौड़ा लिया। पिस्टल दिखाकर उन्होंने शाह आलम का पैसों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें थप्पड़ भी मारे और फिर हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।

Also Read: Lucknow News: रामस्वरूप यूनिवर्सिटी के खिलाफ छात्रों का हंगामा, विधानसभा का घेराव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.