मैनपुरी से 50,000 का इनामी बदमाश ‘बिल्लू’ उर्फ अजय सिंह गिरफ्तार, यूपी STF ने दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बुधवार, 20 नवंबर 2025 को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने जनपद मैनपुरी से ₹50,000/- के पुरस्कार घोषित अपराधी बिल्लू उर्फ अजय सिंह को गिरफ्तार किया है, जो कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
गिरफ्तारी और अपराधिक प्रोफाइल
- गिरफ्तार अपराधी: बिल्लू उर्फ अजय सिंह (निवासी गिहार कॉलोनी, मैनपुरी)।
- गिरफ्तारी का स्थान: करहल रोड पर बने महिला छात्रावास के पास, थाना कोतवाली क्षेत्र, मैनपुरी।
- समय: 20 नवंबर 2025 को दोपहर 3:30 बजे।
- इनाम: उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा ₹50,000/- का पुरस्कार घोषित।
वांछित मामले
अपराधी बिल्लू मैनपुरी कोतवाली में कई गंभीर धाराओं जैसे हत्या (धारा 302), आर्म्स एक्ट (धारा 3/25) और आगजनी (धारा 436) में पंजीकृत मुकदमों में वांछित था।एसटीएफ को सूचना मिल रही थी कि फरार और इनामी अपराधी सक्रिय होकर अपराध कर रहे हैं। इसी क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में एसटीएफ फील्ड इकाई आगरा की टीम सूचना संकलन कर रही थी।
मुखबिर से सूचना मिली कि यह पुरस्कार घोषित अपराधी, जिसके खिलाफ न्यायालय से स्थाई वारंट भी जारी है, करहल रोड पर मौजूद है। एसटीएफ टीम ने तत्काल स्थानीय कोतवाली पुलिस को अवगत कराया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिल्लू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा
गिरफ्तार बिल्लू ने पूछताछ में बताया कि वर्ष 2007 में वह अपने चचेरे भाई नीरज और रिंकू के साथ हत्या के एक मामले (मु0अ0सं0 3314/2007) में शामिल था। इस मामले में उसका भाई नीरज आजीवन कारावास की सजा काट रहा है, जबकि बिल्लू कोर्ट में पेश न होने के कारण फरार (मफरूर) घोषित कर दिया गया था।
बिल्लू उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राजस्थान के गुमनपुरा, कोटा सिटी में दर्ज डकैती और जानलेवा हमला (धारा 394/307) के एक मामले (मु0अ0सं0 134/2014) में भी वांछित चल रहा था। अभियुक्त के खिलाफ गैंगस्टर, हत्या, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में आपराधिक इतिहास दर्ज है। एसटीएफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

