कानपुर में 55 डॉग फीडिंग सेंटर शुरू, नगर निगम की बड़ी पहल

Kanpur News: शहर में आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने और उनके लिए व्यवस्थित भोजन की व्यवस्था करने के लिए कानपुर नगर निगम ने एक नई पहल की है। नगर आयुक्त सुधीर कुमार के निर्देश पर, पशु चिकित्सा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश (22 अगस्त 2025) और एबीसी नियम-2023 का पालन करते हुए 55 डॉग फीडिंग सेंटर स्थापित किए हैं।

सख्त कार्रवाई की जाएगी

ये सेंटर बच्चों के खेलने की जगहों, स्कूलों, बुजुर्गों की आवाजाही वाले क्षेत्रों और भीड़-भाड़ वाले रास्तों से दूर बनाए गए हैं, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब कुत्तों को केवल इन्हीं निर्धारित स्थानों पर खाना खिलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखनी होगी

नगर आयुक्त ने बताया कि इस कदम से कुत्तों को सुरक्षित भोजन मिल पाएगा और शहर के नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. आरके निरंजन ने बताया कि खाना खिलाने वाले पशु प्रेमियों को इन केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखनी होगी और बचे हुए खाने का सही तरीके से निपटारा करना होगा। साथ ही, उन्हें निगम के नसबंदी और टीकाकरण कार्यक्रम में भी सहयोग करना होगा।

सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा

नगर निगम इस संबंध में जागरूकता अभियान भी चलाएगा, जिसमें लोगों को कुत्तों के साथ जिम्मेदारी भरा व्यवहार करने की जानकारी दी जाएगी। निगम ने यह भी घोषणा की है कि आवारा कुत्तों की देखभाल में बेहतर काम करने वाले एनजीओ और पशु प्रेमियों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

सीवीओ डॉ. निरंजन ने उम्मीद जताई है कि इन 55 केंद्रों के शुरू होने से शहर में आवारा कुत्तों की समस्या पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और इंसान व जानवर के बीच एक बेहतर सह-अस्तित्व का माहौल बनेगा।

Also Read: मालेगांव ब्लास्ट: साध्वी प्रज्ञा ठाकुर समेत सभी आरोपियों को बॉम्बे हाई कोर्ट का नोटिस, 6 हफ्तों में देना होगा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.