SIR के तहत पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए 58 लाख नाम, जारी हुई लिस्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में SIR 2026 यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के तहत तैयार की गई मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी है। आयोग के अनुसार यह कदम मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
स्थानांतरण, मृत्यु और अपात्रता के आधार पर हटे नाम
सूत्रों के मुताबिक मसौदा सूची से हटाए गए नामों में ऐसे मतदाता शामिल हैं, जो या तो स्थानांतरित हो चुके हैं, मृत पाए गए हैं या जिनकी पात्रता की पुष्टि नहीं हो सकी। आयोग का कहना है कि इन सभी मामलों की पहचान SIR प्रक्रिया के दौरान की गई है, ताकि फर्जी या गलत प्रविष्टियों को हटाया जा सके।

58 लाख से ज्यादा नाम हटे
जारी आंकड़ों के अनुसार कुल 58,20,898 नाम मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 24,16,852 लोग मृत पाए गए हैं। इसके अलावा 19,88,076 लोग स्थानांतरित हो चुके थे, जबकि 12,20,038 लोग लापता पाए गए। आयोग ने बताया कि 1,38,328 नाम डुप्लीकेट पाए गए हैं और 57,604 नाम अन्य कारणों से सूची से हटाए गए हैं।
निर्वाचन आयोग ने SIR 2026 के तहत हटाए गए मतदाताओं के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं, ताकि लोग अपनी स्थिति की स्वयं जांच कर सकें। आयोग का कहना है कि इस कदम से मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और अद्यतन बनाया जा सकेगा।
दिया गया आपत्ति दर्ज कराने का अवसर
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी जानकारी की जांच करें। यदि किसी व्यक्ति का नाम गलती से हट गया है तो वह निर्धारित समय सीमा के भीतर आपत्ति दर्ज करा सकता है। आयोग ने इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध कराए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए।

