IND vs ENG: 5वें टेस्ट के हीरो मोहम्मद सिराज की कमाई में इजाफा, BCCI से मिला एक्स्ट्रा बोनस

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक 5वें टेस्ट मैच में तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।

ओवल टेस्ट में सिराज ने कुल 9 विकेट चटकाए, जिसमें दूसरी पारी में उनका 5 विकेट हॉल शामिल था। इस मैच में सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

हालांकि इंग्लैंड में इस अवॉर्ड के साथ कोई इनामी राशि नहीं दी जाती, लेकिन BCCI ने सिराज के इस प्रदर्शन पर उन्हें 5 लाख रुपये का अतिरिक्त बोनस देने का फैसला किया है।

BCCI क्यों दे रही है एक्स्ट्रा 5 लाख रुपये?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब कोई भारतीय गेंदबाज़ एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट लेता है, तो BCCI की ओर से उसे 5 लाख रुपये का बोनस दिया जाता है।

चूंकि सिराज ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में 5 विकेट लिए, इसलिए वे इस अतिरिक्त इनाम के हकदार बने।

Mohammed Siraj

सिराज को इस मैच के लिए कुल 20 लाख रुपये मिलेंगे — जिसमें 15 लाख रुपये की मैच फीस और 5 लाख का बोनस शामिल है। उन्होंने इस टेस्ट सीरीज़ के सभी 5 मैच खेले।

कैसे दिलाई भारत को जीत?

ओवल में खेले गए निर्णायक टेस्ट के अंतिम दिन इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए थे और भारत को 4 विकेट। मोहम्मद सिराज ने इसी मोड़ पर टीम इंडिया को मैच में वापस ला दिया।

उन्होंने अंतिम चार में से तीन विकेट चटकाए और गस एटकिंसन को बोल्ड कर भारत की जीत पर मुहर लगाई।

विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर मोहम्मद सिराज की जमकर तारीफ की और इस जीत में उनके योगदान को अहम बताया।

बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी

इस सीरीज़ में मोहम्मद सिराज ने कुल 23 विकेट झटके। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली। बुमराह ने 2021-22 की सीरीज़ में इंग्लैंड में 23 विकेट लिए थे।

टीम इंडिया ने सीरीज़ 2-2 से की ड्रॉ

5वें टेस्ट की दूसरी पारी में प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप ने भी अहम विकेट लेकर इंग्लैंड पर दबाव बनाया। कृष्णा ने जो रूट और जैकब बेथेल के विकेट लिए, जबकि आकाश दीप ने हैरी ब्रूक को आउट किया, जिन्होंने शतक जमाया था।

इन साझेदारियों ने भारत को मुकाबले में बनाए रखा और अंततः भारत ने मैच जीतकर सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ करा ली।

Also Read: IND vs ENG 5th Test: ओवल में टीम इंडिया ने रचा इतिहास, 6 रन से जीता मुकाबला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.