ओडिशा में बस और ट्रक की टक्कर, 6 लोगों की मौत, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: ओडिशा के सुंदरगढ़ ज़िले में गुरुवार को एक भयानक सड़क हादसे में 6 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। यह हादसा NH-520 हाईवे पर तब हुआ, जब एक प्राइवेट बस और एक ट्रक की आमने-सामने की ज़ोरदार टक्कर हो गई।
गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे, एक प्राइवेट बस राउरकेला से कोइड़ा की तरफ जा रही थी। तभी अचानक बस की सामने से आ रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री उसमें फंस गए। जानकारी के मुताबिक, बस ग़लत दिशा से आ रही थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। रेस्क्यू टीमों ने बड़ी मुश्किल से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल हुए कम से कम 8 लोगों को तुरंत बणेई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला के सरकारी अस्पताल में शिफ़्ट किया जा सकता है। पुलिस के मुताबिक, मरने वालों में 2 महिलाएँ भी शामिल हैं।
राउरकेला के पुलिस अधीक्षक नीतेश वाधवानी ने बताया कि शुरुआती जाँच में पता चला है कि बस ग़लत दिशा में थी। अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 8 से ज़्यादा लोग घायल हैं। बस में क़रीब 40 यात्री सवार थे।
नवीन पटनायक ने जताया दुख
इस दुखद घटना पर विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, सुंदरगढ़ के के. बलंग के पास हुए इस हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ। मेरी संवेदनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
Also Read: फारूक अब्दुल्ला ने लेह हिंसा पर जताई चिंता, केंद्र से की बातचीत की अपील

