मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर जा रहे ध्रुव राठी समेत 600 समर्थक पुलिस हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है। जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रास्ते मं ही रोककर हिरासत में ले लिया। मिली जानकारी के अनुसार, यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत करीब 600 समर्थकों को हिरासत में लिया गया है।
धौला कुआं क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों ने कई कंटेंट क्रिएटर्स और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प व धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग के साथ कीलें भी लगा दी हैं। वहीं, मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुए दीपके ने पुलिस कार्रवाई पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ताकत नहीं, बल्कि डर की निशानी है।
दिल्ली में 38 हजार से अधिक जवान मुस्तैद
CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर पूरी राजधानी में व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों समेत 38 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है और हिरासत में लिए गए लोगों को रखने के लिए 10 अस्थायी डिटेंशन सेंटर तैयार किए गए हैं।
मेट्रो, ट्रेन और इंटरनेट पर पाबंदी
सुरक्षा कारणों से राजधानी के सार्वजनिक परिवहन और कनेक्टिविटी पर भी बड़ा असर पड़ा है। दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है, जबकि नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने-जाने वाली करीब 250 मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहने की सूचना है। रेल व मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी सेवाओं का अपडेट जांचने की सलाह दी है।
इसके अलावा, एहतियात के तौर पर इंडिया गेट के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रखने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बंद मेट्रो स्टेशनों, ट्रेन सेवाओं की स्थिति और इंटरनेट पाबंदियों से जुड़े आंकड़ों के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
ALso Read: ‘राष्ट्रपति ने वोट चोरी से इनकार नहीं किया, सबूत मांगे’, CEC के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर बोले राहुल गांधी

