गुजरात में कोरोना के 64 नए केस मिले, अहमदाबाद बना हॉटस्पॉट

अहमदाबाद: गुजरात में कोरोना संक्रमण एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों में राज्य में कोविड-19 के 64 नए मामले सामने आए हैं, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 461 हो गई है।

हालांकि राहत की बात यह है कि इनमें से केवल 20 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, बाकी 441 मरीज घर पर ही इलाज ले रहे हैं। अहमदाबाद में सबसे ज्यादा 241 एक्टिव केस हैं, जो कि राज्य के कुल मामलों का आधे से भी अधिक हिस्सा है। मंगलवार को अहमदाबाद के असरवा सिविल अस्पताल में 37 वर्षीय महिला को भर्ती किया गया। इस समय अस्पताल में कुल चार मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें दो पुरुष, एक महिला और आठ महीने की एक बच्ची शामिल हैं।

पिछले 24 घंटों में जहां 64 नए केस आए हैं, वहीं 36 मरीज ठीक भी हुए हैं। जनवरी 2025 से अब तक 156 लोग कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों के लिहाज से गुजरात अब देश में तीसरे स्थान पर है- केरल (1,416) और महाराष्ट्र (494) के बाद। दिल्ली में 393 और पश्चिम बंगाल में 372 सक्रिय मामले हैं। देशभर के कुल एक्टिव मामलों में से 10% अकेले गुजरात से हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, ज्यादातर मरीजों में हल्के लक्षण हैं और उन्हें घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है।

कोरोना के मामलों में अचानक आई इस बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य सरकार सतर्क हो गई है। अहमदाबाद जैसे शहरों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। टेस्टिंग बढ़ा दी गई है और स्थानीय स्वास्थ्य टीमें केस क्लस्टरों पर नजर बनाए हुए हैं। जिन जिलों में केस तेजी से बढ़ रहे हैं, वहां अस्पतालों को खास वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल अस्पतालों और जिला केंद्रों को ऑक्सीजन बेड और आईसीयू बेड की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।

इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जागरूकता अभियान दोबारा शुरू कर दिए गए हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें और अनावश्यक भीड़ से बचें। संपर्क ट्रेसिंग, सैनिटाइजेशन और जन जागरूकता अभियानों को स्थानीय निकायों के साथ मिलकर फिर से तेज किया जा रहा है।

Also Read: 40 हजार का वादा और 5 हजार एडवांस…, ऐसे रची गई थी हत्या की साजिश, पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.