इमरान खान की पार्टी को बड़ा झटका, 7 नेताओं को 10 साल की जेल की सज़ा
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) को एक बड़ा झटका लगा है। 2023 में हुए दंगों के मामलों में PTI के सात प्रमुख नेताओं को 10 साल कैद की सजा सुनाई गई है।
लाहौर की आतंकवाद निरोधी अदालत (ATC) ने 9 मई, 2023 को हुई हिंसा से जुड़े मामले में यह फैसला सुनाया है। अदालत ने जिन नेताओं को सजा दी है, उनमें सीनेटर एजाज़ चौधरी, पंजाब के पूर्व गवर्नर सरफराज चीमा, पूर्व प्रांतीय मंत्री यासमीन राशिद और महमूदुर राशिद, और वकील अजीम पाहट शामिल हैं।
9 मई की हिंसा का मामला
ये सभी नेता 9 मई को हुए दंगों और हिंसा के सिलसिले में आतंकवाद के आरोपों के तहत कई मुकदमों का सामना कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नेताओं को 9 मई की हिंसा से जुड़े अन्य मामलों में भी दोषी ठहराया जा सकता है। हालाँकि, इसी मामले में पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी समेत पाँच अन्य नेताओं को अदालत ने बरी कर दिया है।
क्या था 9 मई का दंगा
यह हिंसा तब भड़की थी जब इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शन और दंगे शुरू हो गए थे। इन दंगों के बाद पार्टी के कई बड़े नेताओं सहित हज़ारों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया था। खुद इमरान खान अगस्त 2023 से ही कई मामलों में जेल में बंद हैं।
सरकार ने किया फैसले का स्वागत, PTI ने की निंदा
संघीय सरकार ने आतंकवाद निरोधी अदालत द्वारा सुनाई गई इस सज़ा का स्वागत किया है और इसे एक सकारात्मक कदम बताया है। वहीं, PTI ने इस फैसले की कड़ी निंदा की है। PTI पंजाब इकाई की प्रमुख आलिया हमजा, वरिष्ठ नेता बाबर अवान और विधायक असद कैसर ने कहा है कि इन मामलों में न तो पारदर्शिता बरती गई और न ही कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अदालत में कोई विश्वसनीय गवाह भी पेश नहीं किया गया।

