‘अस्पतालों में डॉक्टरों के 8689 पद खाली, राम भरोसे स्वास्थ्य व्यवस्था’, ‘आप’ ने योगी सरकार को घेरा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के हजारों पद खाली पड़े हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। ‘आप’ के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने एक बयान जारी कर सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

खाली पदों का आंकड़ा और मरीजों की मुसीबत

वंशराज दुबे ने दावा किया कि प्रदेश में डॉक्टरों के 8,689 पद खाली हैं। उन्होंने कहा कि इन पदों के न भरे जाने का सीधा असर गांव और कस्बों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर पड़ रहा है। जिला अस्पतालों में भी स्थिति बदतर है, जहाँ इलाज के लिए मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं।

‘X-ray फिल्म तक नहीं, कागज पर मिल रही रिपोर्ट’

पार्टी ने स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाते हुए एक चौंकाने वाला दावा भी किया। प्रवक्ता ने कहा कि कई अस्पतालों में तो एक्स-रे फिल्म तक उपलब्ध नहीं है। मरीजों को उनके एक्स-रे की रिपोर्ट फोटोकॉपी वाले साधारण कागज पर प्रिंट करके दी जा रही है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही और बदहाली का प्रतीक बताया।

निजी अस्पतालों की चांदी, गरीबों की जेब ढीली

आम आदमी पार्टी का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और सुविधाओं की कमी का सीधा फायदा निजी अस्पताल उठा रहे हैं। वंशराज ने कहा जब सरकारी अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलते, तो गरीब मरीज मजबूरी में प्राइवेट क्लीनिक और अस्पतालों का रुख करता है, जहाँ उनसे मनमाने पैसे वसूले जाते हैं। सरकार की उदासीनता का खामियाजा गरीब जनता अपनी जान और माल से चुका रही है।

Also Read: Siddharthnagar News: प्रशासन का दावा, स्टॉक की कोई कमी नहीं, ड्रमों में पेट्रोल भरने पर लगाई रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.