Jharkhand में बारात ले जा रही बस पलटी, 9 की मौंत, 80 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड (Jharkhand) के लातेहार जिले में रविवार 18 जनवरी को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात लेकर जा रही एक बस के पलट जाने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा महुआडांड़ पुलिस थाना क्षेत्र के ओरसा बंगलाधारा घाटी में हुआ, जहां अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

छत्तीसगढ़ से आ रही थी बारात की बस

Jharkhand के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से बारात लेकर लातेहार के महुआडांड़ आ रही थी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं एक अन्य अधिकारी ने जानकारी दी कि लातेहार अस्पताल में इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। वहीं गुमला सदर अस्पताल में भी दो घायलों ने दम तोड़ दिया। गुमला के सिविल सर्जन शंभूनाथ चौधरी के अनुसार सदर अस्पताल में रेफर किए गए नौ घायलों में से दो को मृत घोषित किया गया।

Jharkhand

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लातेहार के उपायुक्त को निर्देश दिया कि सभी घायलों को बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

वहीं उपमंडल अधिकारी विपिन कुमार दुबे ने पत्रकारों को बताया कि करीब 60 घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि 20 से अधिक घायलों को एक निजी अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल 32 लोगों को बेहतर उपचार के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा जा रहा है।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

वहीं इस घटना में मृतकों की पहचान रेशांति देवी 35, प्रेमा देवी 37, सीता देवी 45, सोनमती देवी 55, सुखना भुइयां 40 और विजय भुइयां के रूप में हुई है। लातेहार अस्पताल में जिस महिला की मौत हुई है, उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।

वहीं बस चालक विकास पाठक ने पत्रकारों को बताया है कि बस में करीब 90 यात्री सवार थे। उसने कहा कि अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। हैंडब्रेक लगाने और इंजन बंद कर बस को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन नियंत्रण नहीं हो पाया और बस पलट गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई और मातम का माहौल बन गया।

 

Also Read: अब पूरा होगा Moon पर रात गुज़ारने का सपना, बन रहा होटल!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.